भोपाल, 21 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी चीन यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार को चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय विभाग के मंत्री और वरिष्ठ राजनयिक सांग ताओ एवं कम्युनिस्ट पार्टी के सचिवालय और राजनैतिक ब्यूरो के सदस्य झाओ लेजी से मुलाकात की।
दोनों नेताओं ने मध्यप्रदेश में पिछले एक दशक में अपनाई विकास रणनीतियों और जनोन्मुखी नीतियों की सराहना की।
राज्य के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ताओ ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया। करीब दो घंटे चली चर्चा में कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने ताओ को मध्यप्रदेश की विशेषताओं की जानकारी दी और बताया कि कैसे उन्होंने प्रदेश में अपनी विकास रणनीतियों, नीतियों और गरीब कल्याण कार्यक्रमों के कारण विकास के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें पिछले दस सालों में महिलाओं के सशक्तीकरण, सिंचाई सुविधाओं को सु²ढ़ बनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने, अधोसंरचना मजबूत करने और औद्योगिक विकास करने के लिए उठाए गए कदमों की भी विस्तार से जानकारी दी।
कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारी की हैसियत से ताओ यह जानने में उत्सुक थे कि भाजपा की संगठनात्मक शक्तियां क्या हैं, इसका ढांचा कैसा है और यह कैसे कार्य करती है।
मुख्यमंत्री ने विस्तार से उन्हें भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, इसके विभिन्न कैडर और निर्धन लोगों की समृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता के संबंध में बताया।
मुख्यमंत्री ने उन्हें इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया और बताया कि ऐसी बैठकें और संवाद भारत के अन्य राज्यों में भी होते हैं। मध्यप्रदेश में युवा उद्यमियों के साथ संवाद शुरू किया गया है।
सांग ताओ ने कम्युनिस्ट पार्टी की प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी और भविष्य के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। ताओ मध्यप्रदेश में हुई कृषि क्षेत्र की प्रगति और इसके लिए अपनाई गई रणनीतियों की सराहना की।
चौहान ने कम्युनिस्ट पार्टी के सचिवालय के और राजनैतिक ब्यूरो के सदस्य झाओ लेजी से भी मुलाकात की। वे शाऔक्सि प्रांत की पीपुल्स कांग्रेस की स्थाई समिति के अध्यक्ष भी हैं।
झाओ लेजी ने मुख्यमंत्री को बताया कि चीन के ग्रेट हॉल में ही विश्व के प्रमुखतम नेताओं का स्वागत कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि ग्रेट हॉल में मुख्यमंत्री चौहान और उनके शिष्टमंडल का स्वागत शाऔक्सि प्रांत के लिए गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री ने दोनों देशों की सभ्यताओं और स्वर्णिम इतिहास के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि दुनिया की चालीस प्रतिशत जनसंख्या भारत और चीन में रहती है। इस प्रकार यह चीन और भारत के हित में है कि दोनों देश साथ-साथ काम करें और आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में भारत और चीन के बीच संबंध मजबूत हुए हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी और भाजपा में कई समानताएं हैं और दोनों को एक-दूसरे से सीखना चाहिए।
झाओ ने भविष्य में कम्युनिस्ट पार्टी की प्रतिबद्धता, कार्यक्रमों और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने मध्यप्रदेश की विकास नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में भी विशेष रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आने का न्योता दिया।
dharmpath.com dharmpath