वाशिंगटन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका ने चीन के साथ अपने व्यापार युद्ध को तेज करते हुए 200 अरब डॉलर की कीमत के अतिरिक्त उत्पादों को सूचीबद्ध किया है। उसकी योजना सितंबर तक इन पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की है।
बीबीसी की बुधवार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कदम दोनों देशों द्वारा एक दूसरे के सामानों पर 34 अरब डॉलर का शुल्क लगाने के बाद उठाया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन द्वारा जवाबी कार्रावाई करने पर उसके खिलाफ अतिरिक्त शुल्क लगाने की धमकी दी थी।
इस सूची में खाद्य उत्पाद, खनिज और उपभोक्ता सामान जैसे हैंडबैग समेत छह हजार वस्तुओं से अधिक का नाम है।
लोगों के पास नए शुल्क लागू होने से पहले सूची पर टिप्पणी करने के लिए अगस्त अंत का समय है। इन उत्पादों पर 10 फीसदी नया शुल्क लगाया गया है, जो अगस्त अंत के बाद प्रभावी होगा।
व्हाइट हाउस का कहना है कि चीन द्वारा अनुचित व्यापार अभ्यास के जवाब में यह शुल्क लगाया गया है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लिथिजेर ने कहा कि चीन के प्रतिशोध का कोई औचित्य ही नहीं है।
उन्होंने कहा, “अतीत की तरह अमेरिका, चीन के अनुचित व्यापार अभ्यास और अमेरिकी सामानों व वस्तुओं के लिए चीन द्वारा अपना बाजार खोलने को लेकर अपनी चिंताओं के समाधान के प्रयास में शामिल होने का इच्छुक है।”
प्रतिनिधि ने कहा, “इस बीच हम निष्पक्ष और पारस्परिक आधार पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए अपने श्रमिकों और व्यवसायों की क्षमता की रक्षा के प्रति सतर्क रहेंगे।”
dharmpath.com dharmpath