बीजिंग, 27 जुलाई (आईएएनएस)। चीन की सरकार ने सोमवार को द्वितीय विश्वयुद्ध की 70वीं बरसी पर एक लोगो जारी किया।
द्वितीय विश्वयुद्ध स्मृति-दिवस के अवसर पर तीन सितंबर को एक बड़े समारोह के आयोजन की तैयारी की जा रही है, जिसमें सैन्य परेड भी शामिल है। सरकार ने स्मृति-दिवस समारोह का शुभारंभ करते हुए सोमवार को लोगो जारी किया।
यह लोगो अंक 70 के आकार में बनाया गया है, जो लाल रंग का है। यह लोगो 1945 में द्वितीय विश्वयुद्ध की समाप्ति और जापान के आक्रमण के खिलाफ चीन की जनता के प्रतिरोध और संघर्ष की समाप्ति का प्रतीक है।
लोगो में 70 अंक के ऊपर पांच उड़ते हुए कबूतरों का चित्र उकेरा गया है और पृष्ठभूमि में चीन की दीवार का चित्र अंग्रेजी के ‘वी’ अक्षर की शक्ल में उकेरा गया है।
राज्य परिषद सूचना कार्यालय के मुताबिक, ‘वी’ अक्षर चीन की विजय और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। वहीं, उड़ते हुए कबूतर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) के नेतृत्व में चीन की जनता की भावी प्रगति और विकास का प्रतीक हैं।
dharmpath.com dharmpath