जकार्ता, 21 मार्च (आईएएनएस)। इंडोनेशिया ने सोमवार को चीन पर अपने जल क्षेत्र के उल्लंघन का आरोप लगाया। यह घटना तब घटी जब दक्षिण चीन सागर में जकार्ता के पास उस जलीय सीमा में चीन के तटरक्षक घुस आए जिस पर इंडोनेशिया अपना दावा जताता है।
एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडोनेशिया के विदेश मंत्री रेतनो मारसुदी ने शनिवार को घटी इस घटना के बाद चीन के राजदूत को तलब किया और उनसे विरोध दर्ज कराया। घुसपैठ की यह घटना शनिवार को बोर्नियो द्वीप के उत्तरी इलाके में स्थित नातुना द्वीप पर घटी थी।
इंडोनेशिया की सरकार के मुताबिक, चीन के तटरक्षक बल एक चीनी मछुआरे की तलाश में इस इलाके में घुसे थे जिसे एक इंडोनेशियाई गश्ती नौका ने जकार्ता के विशेष आर्थिक जोन माने जाने वाले द्वीप समूह के पास पूर्वी जलसीमा क्षेत्र में मछली पकड़ते हिरासत में लिया था।
डेटिक वेबसाइट के अनुसार, मारसुदी ने चीनी तटरक्षकों के इंडोनेशिया की सार्वभौमिकता एवं अधिकार क्षेत्र के उल्लंघन को लेकर विरोध दर्ज कराया और चीन के राजदूत से स्पष्टीकरण मांगा।
उन्होंने जोर देकर यह भी कहा कि दक्षिण चीन सागर में इंडोनेशिया सीमाई विवाद का हिस्सा नहीं है। दक्षिण चीन सागर के लगभग पूरे क्षेत्र पर चीन दावा करता है जबकि उसके कुछ-कुछ हिस्से पर ब्रुनेई, फिलीपींस, मलेशिया, ताइवान और वियतनाम अपना दावा करते हैं।
हाल के वर्षो में इस क्षेत्र पर अधिकार को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगने के कारण तनाव बढ़ गया है। संबद्ध देशों ने इस क्षेत्र में सेना की मौजूदगी भी बढ़ा दी है।
dharmpath.com dharmpath