बीजिंग, 3 अगस्त (आईएएनएस)। चीन में एक भूमिगत चर्च के नेता हू शिनगेन को राजसत्ता के खिलाफ अशांति फैलाने के मामले में बुधवार को साढ़े सात साल जेल की सजा सुनाई गई। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
तियानजिन की एक अदालत के हवाले से समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कहा कि उन्हें पांच साल के लिए राजनीतिक अधिकारों से भी वंचित कर दिया गया है।
दोष स्वीकार करते हुए हू (61) ने कहा कि वह सजा के खिलाफ अपील नहीं करेंगे।
लोगों को उकसाने, संगठित करने और प्रति क्रांतिकारी गतिविधियों के लिए वह पहले भी जेल में रह चुके हैं। उन्हें 20 साल की सजा दी गई थी जिसमें 1994 से 2008 तक 14 साल उन्होंने जेल में बिताए।
अदालत ने अपने बयान में कहा कि अशांति फैलाने वाले विचारों के प्रचार के लिए उन्होंने साल 2009 से अवैध धार्मिक संगठनों का सहारा लिया और अवैध वकीलों और याचिकाकर्ताओं को भुगतान कर इन विचारों को फैलाने का काम किया। इसके अलावा हू ने एक अन्य संदिग्ध गोउ होंगगुओ को चीन विरोधी प्रशिक्षण लेने के लिए विदेश जाने की व्यवस्था की।
dharmpath.com dharmpath