पटना, 3 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में बहुचर्चित टॉपर घोटाला मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने विज्ञान विषय के तीसरे टॉपर राहुल राज को वैशाली जिले से गिरफ्तार कर लिया।
पटना जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यहां बताया कि टॉपर घोटाले की जांच कर रही एसआईटी की एक टीम ने मंगलवार देर रात वैशाली जिले के चांदपुरा क्षेत्र से राहुल को गिरफ्तार किया। वह अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपा हुआ था।
बिहार में इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में कला विषय की टॉपर रही रूबी राय और विज्ञान विषय के टॉपर रहे सौरव श्रेष्ठ के विषय ज्ञान से संबंधित साक्षात्कार टीवी चैनलों पर प्रसारित किए जाने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ था। दोनों मामूली सवालों के भी जवाब नहीं दे पाए थे।
दोनों टॉपरों के हास्यास्पद जवाब से शर्मसार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने विशेषज्ञों की एक टीम बनाई थी और 14 टॉपरों का साक्षात्कार लिया था। विशेषज्ञों द्वारा लिए गए साक्षात्कार के बाद विज्ञान संकाय के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ और राहुल कुमार तथा कला संकाय की टॉपर रूबी राय के परीक्षा परिणाम रद्द कर दिए गए थे। राहुल हाजीपुर के बिशुन राय कॉलेज का छात्र है।
मामला उजागर होने के बाद बिहार सरकार ने पूरे मामले की जांच एसआईटी से कराने के आदेश दिए।
इस मामले में बीएसईबी के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर सिंह, सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) की पूर्व विधायक और उनकी पत्नी उषा सिन्हा, बीएसईबी के पूर्व सचिव हरिहर नाथ झा, वैशाली के बिशुन राय कॉलेज के प्राचार्य बच्चा राय सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
dharmpath.com dharmpath