बीजिंग, 22 नवंबर (आईएएनएस)। खपत संरचना और आर्थिक विकास को मजबूत करने के लिए चीन उपभोक्ता सेवा क्षेत्र को मजबूत करेगा। यह बात राष्ट्रीय मंत्रिमंडल ‘स्टेट काउंसिल’ द्वारा जारी दिशानिर्देश में कही गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, शनिवार को जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि स्वास्थ्य सेवा, वरिष्ठ नागरिक देखभाल, खेल, होटल और कैटरिंग, शिक्षा और प्रशिक्षण सेवा जैसे कई क्षेत्रों को वरीयता दी जाएगी।
यह चीन का ऐसा पहला नीतिगत दस्तावेज है, जिसमें खास तौर से उपभोक्ता सेवा को लक्षित करने, लोक सेवा के लिए अवसंरचना बेहतर करने और घरेलू तथा अंतर्राष्ट्रीय ग्राहकों के लिए बेहतर खपत का माहौल बनाने की बात की गई है।
दिशानिर्देश के मुताबिक, उपभोक्ता सेवा का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा, ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना अवसंरचना निर्माण का काम तेज किया जाएगा और वृद्ध देखभाल उद्योग में विदेशी पूंजी के निवेश का स्वागत किया जाएगा।
सरकर बेहतर निगरानी, बेहतर बौद्धिक संपदा अधिकार सुरक्षा और नकली सामानों पर रोकथाम के जरिए व्यापार और खपत का माहौल बेहतर करेगी।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से जारी सुस्ती से निपटने के लिए चीन घरेलू खपत को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
2015 के प्रथम नौ महीनों में चीन की विकास दर 6.9 फीसदी रही, जो 2009 की दूसरी तिमाही के बाद सबसे कम विकास दर है।
dharmpath.com dharmpath