चीन से अधिक हो जाएगी भारत की निर्यात वृद्धि दर : एचएसबीसी

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। प्रमुख बहुराष्ट्रीय बैंक एचएसबीसी ने मंगलवार को अनुमान जाहिर किया कि 2025 और 2050 के बीच की अवधि में भारतीय निर्यात की वृद्धि दर चीन के मुकाबले अधिक हो जाएगी।

एचएसबीसी की रपट ‘ट्रेड विंड्स’ में दिए गए अनुमान के मुताबिक, भारत का निर्यात 2025 से 2050 के बीच की अवधि में सालाना औसत छह फीसदी की दर से बढ़ेगा।

एचएसबीसी कॉमर्शियल बैंकिंग के लिए ऑक्सफोर्ड इकॉनॉमिक्स द्वारा तैयार की गई रपट के मुताबिक, इसी अवधि में चीन की निर्यात वृद्धि दर पांच फीसदी से थोड़ी कम रहेगी।

वैश्विक मांग घटने और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत कम होने के कारण भारत के निर्यात पर बुरा असर पड़ा है। भारत रिफाइनरी उत्पादों का एक बड़ा निर्यातक है।

देश के वस्तु निर्यात में अक्टूबर में लगातार 11वें महीने गिरावट दर्ज की गई। अक्टूबर में देश का वस्तु निर्यात साल-दर-साल आधार पर 17.53 फीसदी घटकर 21.35 अरब डॉलर रहा।

रपट में यह भी कहा गया है कि इस दौरान एशिया से होने वाले निर्यात में भारी वृद्धि होगी और इसके कारण 2050 तक वैश्विक निर्यात चार गुना बढ़कर 68,500 अरब डॉलर हो जाएगा।

एचएसबीसी के एशिया प्रशांत क्षेत्रीय वाणिज्यिक बैंकिंग प्रमुख पॉल स्केलटन ने कहा, “वैश्विक विकास और समृद्धि में व्यापार की भूमिका को कम नहीं माना जा सकता है। प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रंखला नवाचार में एशिया की अग्रणी भूमिका से उसे वैश्वीकरण की अगली लहर का लाभ मिलेगा।”

रपट के मुताबिक, आलोच्य अवधि में एशिया के विभिन्न देशों में व्यापार बढ़ने से वैश्विक निर्यात में अंतर-एशियाई निर्यात का योगदान वर्तमान 17 फीसदी से बढ़कर 27 फीसदी हो जाएगा।

रपट के मुताबिक, वन बेल्ट वन रोड कार्यक्रम और एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक जैसी परियोजनाओं की बदौलत चीन दुनिया का अग्रणी निर्यात देश बना रह सकता है।

रपट में कहा गया है कि आलोच्य अवधि में वैश्विक निर्यात में एशिया-प्रशांत का योगदान 2015 के करीब 33 फीसदी से बढ़कर 2050 तक 46 फीसदी हो सकता है। पश्विमी यूरोप का योगदान हालांकि इस बीच 34 फीसदी से घटकर 22 फीसदी और उत्तर अमेरिका का 11 फीसदी से घटकर नौ फीसदी रह सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493