चुनावी घोषणा-पत्र हमारे लिए बाइबल, कुरान, गीता : केजरीवाल

पणजी, 29 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को भाजपा और उसके अध्यक्ष अमित शाह पर चुनावी घोषणा-पत्र में किए गए वादों से मुकरने का आरोप लगाया।

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के लिए कोई चुनावी घोषणा-पत्र ठीक उसी तरह पवित्र है, जिस तरह बाइबल, कुरान या गीता जैसी कोई पुस्तक।

उत्तरी गोवा में समुद्र तट पर स्थित कलांगुते गांव में छोटे होटल मालिकों के एक समूह को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने 2014 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी द्वारा तैयार किए गए घोषणा-पत्र को अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित कर रखा है और हरेक दिन वह अपनी टीम के साथ उसकी समीक्षा करते हैं।

केजरीवाल ने कहा, “भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक साक्षात्कार में कहा था कि प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये काला धन जमा कराने का वादा एक चुनावी जुमला था। कुछ पार्टियों के लिए यह एक जुमला हो सकता है, लेकिन आम आदमी पार्टी के लिए हमारा घोषणा-पत्र बाइबल, कुरान और गीता है।”

आप के संयोजक केजरीवाल ने कहा, “घोषणा-पत्र तैयार करने का एक तरीका है कि इसके लिए कुछ विशेषज्ञों को नियुक्त किया जाए। वे आपको अच्छा दिखने वाला एक घोषणा-पत्र बनाकर दे सकते है। वहां हाईकमान संस्कृति के कई लक्षण हैं। जब वातानुकूलित कमरों में घोषणा-पत्र बनते हैं तो वह भी हाईकमान संस्कृति है। आज गोवा के लोग एक घोषणा-पत्र बना रहे हैं, केजरीवाल नहीं।”

केजरीवाल ने आगे कहा, “मैं अपना घोषणा-पत्र अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित रखता हूं। हम हरेक सुबह इसे जांचते हैं, जो पूरा हो जाता है, उसपर निशान लगाते हैं। हमने क्या वादा किया, क्या किया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493