चुनावी सभा में लालू प्रसाद पर गिरा पंखा, मामूली चोट

मोतिहारी, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र के लखौरा में आयोजित एक चुनावी सभा के दौरान मंच पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद चाय पी रहे थे तभी ऊपर टंगा सिलिंग फैन (पंखा) गिर गया, जिससे उनके हाथ में मामूली चोट आई है।

पुलिस के अनुसार, प्रसाद राजद प्रत्याशी विनोद श्रीवास्तव के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए मंच पर बैठे थे तभी मंच के ऊपर टंगा पंखा गिर गया। पंखे का ब्लेड यादव के हाथ और पैर में लगा। इससे यादव के हाथ में हल्की चोट आई और हाथ से चाय भी उनके कुर्ते पर गिर गई।

इस घटना के बाद सभास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में लालू ने लोगों को संबोधित किया। घटना से गुस्साए लालू ने वहां सुरक्षाकर्मियों और आयोजकों को जमकर फटकार लगाई।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को अरवल के मधुबन में मंच का एक हिस्सा टूट कर गिर गया था जब लालू वहां लोगों को संबोधित कर रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493