चुनाव आयोग को कमजोर करने का हो रहा प्रायास : प्रियंका

महराजगंज, 16 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने यहां गुरुवार को भाजपा पर हमला बोला और कहा कि धर्म और जाति के नाम पर चुनाव आयोग को कमजोर किया जा रहा है।

प्रियंका यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा कब तक लोगों को गुमराह करेगी। पश्चिम बंगाल में अराजकता फैलाकर महापुरुषों की मूर्तियां तोड़ी गईं। जनता डरी हुई है। अराजकता से शक्ति नहीं बढ़ती है। असल शक्ति जनता को मजबूत करने से होती है। धर्म, जाति के नाम पर चुनाव आयोग को कमजोर कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।”

उन्होंने कहा, “देश में एक ऐसी सरकार है, जो हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को लगातार कमजोर करती जा रही है। 56 इंच का सीना ताने रहने वाले प्रधानमंत्री देश के किसानों, मजदूरों और नौजवानों को अपने पांच साल के विकास कार्यो का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं।”

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह पुलवामा के शहीद पंकज त्रिपाठी की धरती है। यहां भाजपा की झूठ, फरेब और नफरत की राजनीति नहीं चलेगी। भाजपा की योजनाएं, भाजपा के दावे सभी खोखले हैं। किसानों को उनके फसल का दाम नहीं मिला, नौजवानों को हर साल दो करोड़ नौकरी का वादा करने वालों ने पांच साल में पांच करोड़ लोगों की नौकरी छीन ली।

उन्होंने कहा, “नोटबंदी और जीएसटी के चलते देश के हजारों छोटे उद्योग-धंधे बंद हो गए, पांच लाख लोगों की रोजी-रोटी छिन गई। ये लोग किस मुंह से खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं, इनका खोखला राष्ट्रवाद जनता ने देख लिया है।”

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस देश में एक ऐसी सरकार बनाना चाहती है जो सबके साथ न्याय करे, जिसका आधार सच्चाई और न्याय हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493