चुनाव के बाद भाजपा को मिलेगा राष्ट्रीय विदाई प्रमाणपत्र : ममता

मालदा (पश्चिम बंगाल), 18 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बंगाल में राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) लागू करने से रोकने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि 2019 के चुनाव के बाद भगवा दल को केंद्र से राष्ट्रीय विदाई प्रमाणपत्र (एनबीसी-नेशनल विदाई सर्टिफिकेट) दिया जाए।

ममता बनर्जी मालदा जिले के कालीगंज में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा, “भाजपा बंगाल में एनआरसी लागू करने की बात कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप लोग देश से बाहर हो जाएंगे। यहां अनेक लोग इससे प्रभावित होंगे। हम उनको एनआसी लागू नहीं करने देंगे। इस एनआरसी के बदले में हम उनको एनबीसी (नेशनल विदाई सर्टिफिकेट) प्रदान करेंगे।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर संप्रदाय के आधार पर देश को बांटने का आरोप लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि लोग केंद्र की मौजूदा सरकार के विरोध में अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करेंगे और भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे।

प्रस्तावित नागरिकता (संशोधन) विधेयक 2016 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हम सभी इस देश के नागरिक हैं। न तो मोदी बाबू (प्रधानमंत्री) और न ही उनकी पार्टी को हमें विदेशी बनाने का अधिकार है।”

बनर्जी ने कहा कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए बंगाल में हिंदू और मुस्लिम के बीच मतभेद और नफरत पैदा करने की कोशिश कर रही है। वह इसे सफल नहीं होने देंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493