चुनाव बाद माफिया व बाहुबली नहीं रहेंगे मुख्तार अंसारी : मायावती

मऊ (उप्र), 28 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को कहा कि जनता माफिया और बाहुबली को पसंद नहीं करती है, लेकिन जब माफिया समझे जाने वाले मऊ सीट से बसपा प्रत्याशी मुख्तार अंसारी चुनाव जीत जाएंगे तो उन पर मुहर लग जाएगी कि वह न तो माफिया हैं और न ही बाहुबली।

मायावती ने यहां आयोजित चुनावी सभा में विश्वास जताया कि मऊ की जनता मुख्तार को जेल में रहते हुए भी चुनाव जिताएगी। जनता प्रधानमंत्री को बताएगी कि किसकी जीत हुई।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने कल मऊ की अपनी रैली में मुख्तार अंसारी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन वह जिस तरह माफिया व बाहुबली कह रहे थे, उससे पता लग रहा था कि उनका इशारा किस तरफ था। क्या जनता माफिया और बाहुबली को पसंद करती है?”

मायावती ने कहा, “मैं समझती हूं कि जनता ऐसे को बिल्कुल भी पसंद नहीं करती। लेकिन जब मुख्तार अंसारी चुनाव जीत जाएंगे तो उन पर मुहर लग जाएगी कि वह न तो माफिया हैं और न ही बाहुबली हैं।”

प्रधानमंत्राी ने सोमवार को मऊ की रैली में मुख्तार का नाम लिए बगैर बसपा द्वारा उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने पर सवाल खड़े किए थे। मुख्तार अंसारी फिलहाल हत्या समेत कई जघन्य अपराधों के आरोप में जेल में बंद हैं।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने उन्हें चुनाव प्रचार के लिए पैरोल देने से सोमवार को मना कर दिया था।

मायावती ने कहा कि उन्हें मुख्तार और उनके भाई अफजाल अंसारी पर पूरा भरोसा है कि वे सपा को पूर्वाचल में बेहाल कर देंगे।

सपा और भाजपा पर बाहुबलियों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए मायावती ने कहा कि सपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और भाजपा के लोग मुख्तार को तो माफिया बताते हैं, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से ‘कुंडा का गुंडा’ का खिताब पाए रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को लेकर उनका रुख हमेशा नरम रहता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493