नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने मंगलवार को कहा कि चुनाव सुधार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिकता में है, क्योंकि भारत को शक्तिशाली बनाने के लिए इसकी जरूरत है।
मेघवाल ने ‘भारत नीति’ संगठन द्वारा ‘ट्रांसपैरेंसी इन पॉलिटिकल फंडिंग’ विषय पर आयोजित एक संगोष्ठी में कहा, “चुनाव प्रक्रिया में सुधार भाजपा की प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर है और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं।”
मेघवाल ने संविधान निर्माता भीम राव अंबेडकर द्वारा संविधान समिति में दिए भाषण का उदाहरण भी पेश किया, जिसमें उन्होंने सार्वभौमिक मताधिकार की वकालत की थी और स्वतंत्र भारत में लोकतंत्र का मार्ग प्रशस्त किया था।
मेघवाल ने कहा, “उन्होंने सभी भारतीय नागरिकों को मतदान का समान अधिकार प्रदान किया, चाहे वह किसी भी वर्ग का हो और उनका कहना था कि चुनाव को देश में किसी पर्व की तरह मनाया जाना चाहिए..और भारत को दुनिया के अन्य देशों का नेतृत्व करना चाहिए।”
पूर्व नौकरशाह और पूर्व विधायक जय प्रकाश नारायण, पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त वी. एस. संपत और भाजपा महासचिव मुरलीधर राव ने भी संगोष्ठी में विचार रखे।
dharmpath.com dharmpath