चेन्नई, 29 जनवरी (आईएएनएस)। यहां के मशहूर मरीना समुद्र तट पर जिंदगी की रौनक पहले जैसी लौट आई है। तट पर रविवार सुबह लोग टहलते और जॉगिंग करते देखे गए। हालांकि, तट पर लोगों के समूह में एकत्र होने, जुलूस निकालने, विरोध प्रदर्शन करने और भूख हड़ताल से रोकने के लिए शनिवार रात से निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
पुलिस ने शनिवार को दंड प्रकिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा आदेश जारी कर दिया, जो समुद्र तट और उसके असपास के क्षेत्रों और समुद्र तटीय शहर में 12 फरवरी तक लागू रहेगी।
यह फैसला सोशल मीडिया पर छाई उन खबरों के मद्देनजर लिया गया जिसके मुताबिक, रविवार को मरीना तट पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी।
यह समुद्र तट गत 17 से 22 जनवरी तक तमिलनाडु के पारंपरिक खेल जलीकट्टू की अनुमति दिए जाने के लिए होने वाले विरोध प्रदर्शन का केंद्र था।
क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
dharmpath.com dharmpath