चेन्नई में भारत और श्रीलंका के मछुआरों की मुलाकात

नई दिल्ली/चेन्नई, 24 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका और भारत के मछुआरे एक-दूसरे के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने को लेकर अक्सर पैदा होने वाले विवाद को दूर करने के लिए मंगलवार शाम चेन्नई में मुलाकात करने वाले हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने ट्वीट कर कहा, “भारत और श्रीलंका के मछुआरों की आज चेन्नई में मुलाकात होगी।”

भारत और श्रीलंका के मछुआरा संघों के बीच अभी तक दो बैठकें हुई हैं और दोनों ही बेनतीजा रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस माह की शुरुआत में अपनी श्रीलंका यात्रा के दौरान कहा था कि इस जटिल मुद्दे में दोनों पक्षों की आजीविका और मानवीय चिंता से जुड़े हित शामिल हैं। इस मुद्दे का दोनों पक्षों को इसी नजरिये को ध्यान में रखते हुए समाधान ढूंढना होगा।

मोदी ने यह भी कहा था कि इस मुद्दे का एक दीर्घकालिक समाधान निकालने की आवश्यकता है।

मोदी ने कहा था कि समाधान ऐसा हो कि यह दोनों पक्षों को स्वीकार हो और फिर दोनों देशों की सरकारें इसे आगे बढ़ाएंगी।

बातचीत के लिए श्रीलंकाई मछुआरों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को तमिलनाडु पहुंचा।

ज्ञात हो कि श्रीलंकाई नौसेना ने हाल ही में देश के कांकेसंतुरई और तलाईमन्नार तट से लगे जलक्षेत्र में कथित तौर पर अवैध तरीके से मछली पकड़ने के आरोप में 10 नौकाओं सहित 54 भारतीय मछुआरों को बंधक बना लिया था।

उल्लेखनीय है कि मोदी की यात्रा के पहले श्रीलंका ने सद्भावना स्वरूप 86 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493