लंदन, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। चेल्सी के मुख्य कोच एंटोनियो कोंटे ने इंग्लैंड फुटबाल संघ (एफए) द्वारा लगाए गए जुर्माने को स्वीकार कर लिया है।
चेल्सी के मुख्य कोच एंटोनियो कोंटे पर एफए द्वारा मैच अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार के लिए जुर्माना लगाया गया था।
इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में स्वांसी सिटी के खिलाफ बुधवार को खेले गए मुकाबले के दौरान यह घटना घटी।
‘द इंडिपेंडेंट’ को दिए एक बयान में कोंटे ने कहा, “मुझे लगता है कि इस जुर्माने को स्वीकार करना सबसे सही है। मैं इस फैसले का सम्मान करना चाहता हूं और इस जुर्माने का भुगतान भी करना चाहता हूं।”
कोंटे ने कहा, “मुझे आशा है कि इससे रेफरी काफी कुछ सीखेंगे, क्योंकि स्वांसी समय की बर्बादी कर रहा था। इस स्थिति में रेफरी को उस टीम का साथ देना चाहिए था, जो फुटबाल खेलना चाहती है और जीतना चाहती है।”
कोंटे का कहना था कि स्वांसी के खिलाड़ी मैच नहीं खेल रहे थे, बल्कि समय बिता रहे थे। इस कारण उन्होंने अधिकारियों के साथ बहसबाजी की, जिसके बाद उन्हें कोच स्टैंड से हटाकर अंदर जाकर मैच देखने के लिए कहा गया।
dharmpath.com dharmpath