चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए आस्ट्रेलियाई टीम में लौटे हेनरिक्स, पैटिंसन (लीड-1)

मेलबर्न, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। हरफनमौला खिलाड़ी मोएजिज हेनरिक्स और तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन चैम्पियंस ट्राफी की तैयारियों के लिए आस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

हेनरिक्स को उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंड्सकाम्ब, जार्ज बैले और कैमरन व्हाइट से अधिक तरजीह मिली।

यही नहीं, जेम्स फाल्कनर को भी इस टीम में जगह नहीं मिली। इससे जाहिर है कि चयनकर्ताओं ने हेनरिक्स को फाल्कनर से भी अधिक तरजीह दी है।

फाल्कनर 2011 के बाद किसी आईसीसी टूर्नामेंट के लिए आस्ट्रेलियाई टीम में नहीं है। पैटिंसन के अलावा जान हेस्टिंग्स भी टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

इस टीम में क्रिस लिन और मिशेल स्टार्क को भी जगह मिली है, लेकिन इनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। लिन आईपीएल में खेलते वक्त चोटिल हुए हैं और स्टार्क आईपीएल से पहले से ही चोटिल हैं।

खास बात यह है कि चैम्पियंस ट्राफी के लिए चुनी गई कंगारू टीम में शामिल कम से कम नौ खिलाड़ी इन दिनों आईपीएल में खेल रहे हैं और इससे जाहिर तौर पर कंगारू टीम को फायदा मिलने वाला है।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के चयनकर्ता ट्रेवर होंस ने एक बयान में कहा है, “हमने अच्छी और संतुलित टीम चुनी है, जो हमें स्थिति के अनुसार गेंद और बल्ले दोनों के कई विकल्प मुहैया कराएगी।”

हेस्टिंग और पैटिंसन की वापसी पर होंस ने कहा कि इन दोनों का इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट का अनुभव टीम के काम आएगा।

उन्होंने कहा, “जेम्स और जॉन दोनों ने चोट के बाद अच्छी वापसी की है। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी इंग्लिश काउंटी टीमों के लिए बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है।”

स्टार्क और लिन को टीम में शामिल करने पर होंस ने कहा, “जब आप मिशेल स्टार्क, जोस हाजलेवुड, पैट कमिंस को टीम में शामिल करते हैं तो यह आपको आस्ट्रेलियाई क्रिकेट में अच्छा संयोजन प्रदान करते हैं।”

उन्होंने कहा, “हमारी मेडिकल टीम स्टार्क और लिन की चोटों पर नजर रखे हुए है। हमें उम्मीद है कि वह चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम के रवाना होने से पहले (18 मई) ठीक हो जाएंगे।”

टीम : स्टीव स्मिथ (कप्तान), डेविड वार्नर, पैट कमिंस, एरॉन फिंच, जॉन हेस्टिंग्स, जोस हाजलेवुड, ट्रेविस हेड, मोएजिज हेनरिक्स, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, जेम्स पैटिंसन, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड और एडम जाम्पा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493