चैम्पियंस लीग के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे बार्सिलोना, बायर्न

बार्सिलोना, 25 नवंबर (आईएएनएस)। अर्जेटीनी स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी ने चोट से उबरते हुए लंबे समय बाद स्पेन के अपने क्लब एफसी बार्सिलोना के लिए दमदार वापसी की और चैम्पियंस लीग में एएस रोमा के खिलाफ दो गोल दागे।

बार्सिलोना यह मैच 6-1 से जीतने में सफल रहा।

चैम्पियंस लीग के ग्रुप-ई में शीर्ष पर रहते हुए बार्सिलोना ने प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया, वहीं शीर्ष जर्मन क्लब बायर्न म्यूनिख ने भी ओलम्पियाकोस को 4-0 से मात देते हुए ग्रुप-एफ से प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, 2014-15 सत्र में यूरोपियन चैम्पियन रह चुकी बार्सिलोना ने कैंप नोऊ के अपने घरेलू मैदान पर एएस रोमा को मंगलवार को हुए मैच में हराया।

इस मैच से पहले ही प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर चुकी बार्सिलोना ने रियल मेड्रिड के खिलाफ 4-0 से मिली पिछली जीत वाले प्रदर्शन को ही आगे बढ़ाते हुए रोमा के खिलाफ जबरदस्त शुरुआत की।

सितंबर के बाद पहली बार मैच की शुरुआत करने उतरे मेसी और उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज ने दो-दो गोल किए, जबकि गेरार्ड पिक और आद्रियानो कोरिया ने एक-एक गोल दागे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कोच लुइस एनरीक के हवाले से कहा, “जब आपको दिखे कि खिलाड़ी हर स्थिति का लुत्फ उठा रहे हैं तो यह संतुष्टि देने वाला होता है। वे अभ्यास सत्र के दौरान जिस तरह खेल का लुत्फ उठाते हैं, वही उन्होंने प्रतिस्पर्धी मैदान में भी किया और यह बहुत अच्छा है।”

लंबे समय के बाद मैदान पर उतरे मेसी के खेल में कहीं भी कमी नजर नहीं आई, लेकिन मेसी ने कहा है कि उन्हें लय हासिल करने में थोड़ा और समय लगेगा।

मेसी ने कहा, “वापसी के साथ पूरी तेजी हासिल करना कठिन होता है। मैंने कठिन अभ्यास कर रहा हूं, लेकिन अभी मैं पूरी लय हासिल नहीं कर सका हूं और पूरे 90 मिनट तक वही तेजी कायम नहीं रख पा रहा।”

उधर म्यूनिख में हुए मुकाबले में बायर्न ने डगलस कोस्टा, रॉबर्ट लेवांडोव्स्की, किंग्स्ले कोमान और थॉमस मूलर के गोलों की बदौलत बायर्न ने ओलम्पियाकोस को मात दे दी।

मैच के 53वें मिनट में डिफेंडर होल्गर बैडस्टबर को रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद बायर्न को शेष मैच 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना पड़ा, लेकिन मध्यांतर से पहले 3-0 की बढ़त हासिल कर चुके बायर्न के लिए 69वें मिनट में कोमान ने अपनी टीम के लिए निर्णायक गोल दागा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493