लॉस एंजेलिस , 25 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता डेविड केनरी का 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने ‘ऑल माई चिल्ड्रन’ और ‘वन लाईफ टू लीव’ जैसे टेलीविजन धारावाहिकों में अभिनय किया था।
वेबसाइड ‘पीपुल्स डॉट कॉम’ की रपट के मुताबिक, केनरी ने कनेक्टिकट, विल्टन में 16 नवंबर को अपनी अंतिम सांस ली।
डेविड केनरी ने फिल्मों और टेलीविजन में काम करने से पहले न्यूयॉर्क में रंगमंच पर अभिनय की शुरुआत की थी। टेलीविजन धारावाहिक में उन्होंने पहला किरदार एक फिजिकल थेरैपिस्ट का निभाया था।
गौरतलब है कि 1980 के दशक में उन्होंने स्टुअर्ट और एडम के किरदार के लिए पांच बार विशिष्ट अभिनेता का पुरस्कार जीता था।
डेविड केनरी ने मॉरीन से शादी की। उनके साथ उनका एक बेटा क्रिस्टोफर और एक बेटी कॅथ्रीन है।
पूर्व सह-अभिनेत्री केली रीप ने ‘ऑल माई चिल्ड्रन’ में केनरी की बेटी का किरदार निभाया था। उन्होंने केनरी के निधन पर शोक जताया है।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “महान डेविड केनरी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। वह अविश्वसनीय प्रतिभाशाली अभिनेता थे। वह अद्भुत व्यक्ति थे। मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैंने आपको जाना।”
dharmpath.com dharmpath