शिमला, 14 जून (आईएएनएस)। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्र में लोगों के लाभ के लिए जल्द ही शिमला स्थित दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल पर चौबीसों घंटे कार्यक्रमों का प्रसारण होगा। यह जानकारी मंगलवार को चैनल के उच्च अधिकारी ने दी।
दूरदर्शन के उप महानिदेशक ओम गौरी दत्त शर्मा ने एक बयान में कहा, “हम जल्द ही राज्य के लोगों के लिए चौबीसों घंटे प्रसारण करने वाला चैनल शुरू करने जा रहे हैं।”
दूरदर्शन के शिमला स्टेशन को 1995 में शुरू किया गया था। इसे पिछले वित्त वर्ष के दौरान पूरे देश में दूरदर्शन के क्षेत्रीय केंद्रों में उच्चतम राजस्व कमाने वाला केंद्र घोषित किया गया।
शर्मा ने कहा कि चौबीस घंटे प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में किसानों से संबंधित मुद्दों को कवर किया जाएगा। विभिन्न व्यावसायिक समूहों, ग्रामीण क्षेत्रों, महिलाओं और सरकार के कार्यक्रमों और नीतियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा, “इस प्रयास से स्थानीय कलाकारों, लेखकों और पत्रकारों के लिए क्षेत्रीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा।”
वर्तमान में, दूरदर्शन राष्ट्रीय नेटवर्क से प्रसारण बंद होने के बाद शिमला दूरदर्शन को चार घंटे के लिए इस नेटवर्क पर डाल दिया जाता है।
dharmpath.com dharmpath