रायपुर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सहित पूरा प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ रहे तापमान से बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल होता जा रहा है। इसके बावजूद कक्षाएं लग रही हैं, लेकिन बच्चों की संख्या में लगातार कमी देखी जा रही है। गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच विद्यार्थी 4 से 6 घंटे स्कूलों में बिता रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों के कई स्कूलों में पंखे और पेयजल की समस्या बनी हुई है। इन सबके बावजूद बच्चे स्कूल में पढ़ाई कैसे कर पाएंगे? यह बड़ा सवाल है।
इन सब परेशानियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के कोरबा के जिलाधिकारी पी. दयानंद ने अपने जिले के समस्त सरकारी और निजी स्कूलों में 15 जून तक छुट्टियां घोषित कर दी है। कोरबा के जिलाधिकारी के इस आदेश के बाद अब प्रदेशभर में छुट्टियों की मांग उठने लगी है। लेकिन स्कूली शिक्षा विभाग ने अब तक छुट्टियां घोषित नहीं की हैं।
इधर, छत्तीसगढ़ विद्यालय शिक्षक कर्मचारी संघ ने भी तत्काल स्कूलों में छुट्टियां घोषित करने की मांग की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय तिवारी का कहना है कि कोरबा जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता का परिचय दिया है। गर्मीं के चलते पूरे प्रदेश के सभी जिले प्रभावित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा पिछले पखवाड़े भर से 42-43 डिग्री सेल्सियश पर जा पहुंचा है। वहीं राजस्थानी गर्म हवाओं से मैदानी इलाकों में लू के हालत निर्मित हो गए हैं। उत्तरी व पश्चिमी हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। हवा में नमी घट गई है।
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. आर.एस. शास्त्री के मुताबिक, अभी फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, न ही बूंदाबांदी की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath