छग : पुलिस कर्मियों के लिए बनेंगे 10 हजार मकान

रमन सिंह ने बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के पास ग्राम आड़ावाल में 116 पुलिस कर्मियों के लिए निर्मित आवासीय कॉलोनी का लोकार्पण करते हुए यह जानकारी दी।

इस कॉलोनी का निर्माण छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा लगभग आठ करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से किया गया है।

मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के संक्षिप्त और सादगीपूर्ण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य, देश और समाज की सुरक्षा में पुलिस कर्मियों का योगदान बहुत महत्वपूर्ण होता है। बस्तर अंचल में भी पुलिस के हमारे जवान और अधिकारी हर प्रकार की गंभीर चुनौतियों का सामना करते हुए अपने कर्तव्यों का बड़ी मुस्तैदी से निर्वहन कर रहे हैं। वे अपने परिवार के साथ सुविधाजनक ढंग से निवास कर सकें, इसके लिए राज्य सरकार उन्हें मकान दिलाने के लिए प्रयासरत है।

निकट भविष्य में दो हजार करोड़ रुपये की लागत से दस हजार मकान बनाए जाएंगे। इसकी कार्ययोजना पर अमल शुरू हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को यहां 116 मकानों की आवासीय कॉलोनी का लोकार्पण हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस कॉलोनी के परिवेश की भी प्रशंसा की।

सिंह ने कहा बस्तर अंचल का तेजी से विकास हो रहा है। यहां की जनता को सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, बच्चों के लिए शिक्षा आदि की सुविधाएं पिछले कुछ वर्षो में तेजी से बढ़ी हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि बस्तर के विकास में सुरक्षा बलों के साथ-साथ आम जनता और सरकारी कर्मचारियों का अच्छा सहयोग मिल रहा है।

लोकार्पण समारोह को गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने भी संबोधित किया। पैकरा ने कहा कि पुलिस परिवार के लिए यह आवासीय कॉलोनी एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार पुलिस कर्मियों की आवासीय समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयासरत है। इसके लिए पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का गठन किया गया है।

कलेक्टर अमित कटारिया ने आड़ावाल और आस-पास के इलाकों के विकास के लिए चल रहे कार्यो की जानकारी दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक संतोष बाफना, बस्तर संभाग के कमिश्नर दिलीप वासनीकर, पुलिस महानिरीक्षक एस.आर.पी. कल्लूरी तथा जिले के लगभग चार सौ गांवों से आए तीन हजार पुलिस मित्र और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493