दंतेवाड़ा नक्सल ऑपरेशन के प्रमुख एडिशनल एसपी जी.एन.बघेल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अरनपुर थानाक्षेत्र के नीलावरम के जंगलों में नक्सलियों की ट्रेनिंग कैम्प लगी है। जहां भारी तादात में नक्सली मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर मंगलवार की सुबह अरनपुर व समेली से करीब 300 डीआरजी व एसटीएफ के जवानों को सर्चिग पर रवाना किया गया था। बल इलाके की सर्चिग कर बुधवार शाम लौट रही थी। इसी दरम्यान नीलावरम गांव के पहाड़ी तरई के जंगलों में जवानों को नक्सलियों का कैम्प दिखाई पड़ा। जवानों ने कैम्प की घेराबंदी कर चारों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग की। नक्सलियों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। कुछ देर बाद नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाते भाग गए।
मुठभेड़ में जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। सर्चिग टीम को घटनास्थल से नक्सली साहित्य, तीर-धनुष, स्पाइस, जिंदा कारतूस, जिलेटिन, बैटरी, वायर, डीवीडी प्लेयर, दवाएं, टिफिन समेत कई अन्य नक्सली सामान मिला है।
बघेल ने कहा कि जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। गोलीबारी में बड़ी तादाद में नक्सली घायल भी हुए हैं। कुछ नक्सली मारे भी गए होंगे, हालांकि इस बात की पुष्टि कर पाना फिलहाल संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर खून के धब्बे मिले हैं, जिससे नक्सलियों को इस मुठभेड़ में बड़ा नुकसान होने का अंदेशा है।
dharmpath.com dharmpath