मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वोरा के निधन से छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के एक सुनहरे युग का अंत हो गया। सहज-सरल और सौम्य स्वभाव के वोरा राज्य के शीर्षस्थ पत्रकारों में से थे, जिन्होंने लगभग छह दशकों तक सुदीर्घ निष्पक्ष पत्रकारिता के जरिए देश और समाज को अपनी मूल्यवान सेवाएं दीं। उनका देहावसान राज्य और देश की हिंदी पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है।
राज्य के उच्च शिक्षा व राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की अध्यक्ष लता उसेंडी तथा सभी पत्रकारों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन धारण किया।
डॉ. रमन सिंह ने कहा, “वोरा का इलाज काफी दिनों से दिल्ली में चल रहा था। बीच में खबर आई थी कि उनकी सेहत में सुधार है और वह जल्द ही स्वस्थ होकर रायपुर लौट आएंगे। लेकिन रविवार देर रात उनके निधन की खबर पाकर हम सब स्तब्ध रह गए। मुझे हमेशा उनका आशीर्वाद मिलता रहा है।”
विगत 34 वर्षों से प्रकाशित हो रहे अमृत संदेश के प्रधान संपादक के निधन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविंद्र चौबे, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा सहित कई कांग्रेस नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है।
dharmpath.com dharmpath