एएसपी सिटी विजय अग्रवाल ने कहा कि जब पुलिस पड़ताल कर रही थी, तभी बकाएदार राजू और उसका मित्र जुम्मन खान दोनों युवक पिछले तीन दिन से अपने घर से गायब थे, जिससे पुलिस को उनपर शंका हुई। राजू वैष्णव आर्यन बिल्डर एवं डेव्हपर्स में और जुम्मन खान जेन इंजीनियरिंग में काम करते थे।
एएसपी ने कहा कि, 15 दिसम्बर को घर से मृतक किशोर वर्मा ट्रैक्टर के किराए की रकम वसूलने गया था, लेकिन फिर वह वापस नहीं लौटा। 18 दिसम्बर को किशोर की पत्नी हेमलता ने अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट धरसींवा थाने में दर्ज कराई।
धरसींवा थाना के निरीक्षक भूषण एक्का ने मामले को गंभीरता से लेते हुए, पताशाजी शुरू कर दी। तब पुलिस को हेमलता ने जानकारी दी कि, किशोर ग्राम बंजारी जा रहा हूं, कह कर गया था। उसके बाद से वह अब तक घर वापस नहीं लौटा है।
उन्होंने जानकारी दी कि, राजू वैष्णव से पूछताछ करने पर पता चला कि, किशोर 15 दिसम्बर को ट्रैक्टर की बाकी रकम 33 हजार रुपए मांगने आया था। उसी बीच आरोपी और मृतक में झड़प हो गई। मृतक ने राजू से कहा कि पैसे यदि नहीं दिए तो सेठ को बताउंगा। ऐसा कहकर जाने लगा। तभी राजू ने उसे शाम को पैसे देने की बात कही।
एएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि पुलिस हिरासत में आरोपी राजू ने स्वीकारा है कि उसने अपने मित्र जुम्मन खान से चर्चा कर किशोर को ठिकाने लगाने की रणनीति तैयार की। जैसे ही शाम को किशोर पैसे लेने आया तो दोनों आरोपियों ने किशोर के सीने व सिर पर लोहे की पाइप और लकड़ी की बल्ली से प्राण-घातक हमला कर दिया। इससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
एएसपी ने कहा कि वहीं पर जेन इंजिनीयरिंग के बगल में डीजल टैंक के लिए खुदे गड्ढ़े में किशोर को डालकर मिट्टी डाल दिया, फिर गड्ढा गलत खुदा है, कहकर जेसीबी मशीन से गड्ढे को पटवा दिया।
पुलिस ने रविवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रायपुर के सामने आरोपियों के बताए गए जगह से शव बरामद कर लिया है। इसके अलावा मृतक की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 सीएक्स 9660 भी घटना स्थल के पास से बरामद कर लिया है।
पुलिस अरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath