छग : 9 अधिकारियों के 15 ठिकानों पर एसीबी के छापे

कार्रवाई में 10 डीएसपीए, 25 टीआई सहित 100 से ज्यादा लोगों की टीम काम कर रही है। इस छापे से प्रशासनिक हलके में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई में करोड़ों रुपयों की बेनामी संपत्ति मिलने की आशंका जताई जा रही है।

समाज कल्याण विभाग, वन विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, उद्योग विभाग के अधिकारियों के ठिकानों पर एसीबी की टीम काम कर रही है। सुबह छह बजे से जारी कार्रवाई में रायपुर के सुंदर नगर में समाज कल्याण विभाग के एमएल पांडे के बंगले पर कार्रवाई जारी है।

वहीं वन विभाग के एसडीओ रामेश्वर प्रसाद वर्मा के कोरिया और रायपुर के घर पर, कृषि विभाग के सालिकराम वर्मा, को-ऑपरेटिव सोसायटी के श्रवण सिंह, खाद्य विभाग बिलासपुर के एके तंबोली, भिलाई में डॉ. पुनीत सेठ, दंतेवाड़ा जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष गंजीर सहित उद्योग विभाग के अन्य अधिकारियों के ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है।

दंतेवाड़ा में पदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष गंजीर के घर पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने छापामार कार्रवाई की है। शुरुआती जांच में गंजीर के जगदलपुर स्थित उनके बड़े भाई के आवास में 8 लाख 71 हजार रुपये की बेनामी नकदी बरामद की है। वहीं दंतेवाड़ा में 10 लाख रुपये मिलने की जानकारी है। साथ ही जगदलपुर में तीन किलो सोना सहित जमीन के कई कागजात हाथ लगे हैं। सुभाष गंजीर के गृह ग्राम धनपुंजी स्थित मकान में भी एसीबी के अधिकारी पहुंचे हैं।

दंतेवाड़ा में जिला शिक्षा कार्यालय के नजदीक ही उसका सरकारी आवास है। गंजीर के जगदलपुर में वृंदावन कालोनी में भी आलीशान मकान बनाया हुआ है। गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे छापा मार कार्यवाही की गई। फिलहाल उनकी चल-अचल संपत्ति की जानकारी नहीं मिल पाई है।

एसीबी एसपी रजनेश सिंह ने छापे की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी आगे की कार्रवाई जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493