रायपुर, 22 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में गर्मी के इस मौसम में गांवों में रहने वाले लोगों को राहत देने के लिए कुल 4,577 तालाबों को दूसरे जलाशयों से पानी लाकर भर दिया गया है। इससे 2,703 गांवों के निवासियों को राहत मिलेगी।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, धमतरी जिले के 215 गांवों के 394 तालाबों, रायपुर जिले के 345 गांवों के 625 तालाबों, बालोद जिले के 367 गांवों के 448 तालाबों, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 206 गांवों के 280 तालाबों, बस्तर जिले के 15 गांवों के 25 तालाबों, कांकेर जिले के 31 गांवों के 75 तालाबों को भरा गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा के अनुरूप दुर्ग जिले के 216 गांवों के 467 तालाबों, राजनांदगांव जिले के 99 गांवों के 113 तालाबों, बेमेतरा जिले के 52 गांवों के 69 तालाबों, कबीरधाम जिले के 46 गांवों के 59 तालाबों, गरियाबंद जिले 121 गांवों के 181 तालाबों, कोरबा जिले के 33 गांवों के 60 तालाबों को भर दिया गया है।
इसी तरह जांजगीर-चाम्पा जिले के 592 गांवों के 1248 तालाबों, रायगढ़ जिले के 127 गांवों के 186 तालाबों, बिलासपुर जिले के 150 गांवों के 204 तालाबों, मुंगेली जिले के 46 गांवों के 55 तालाबों, कोरिया जिले एक गांव के चार तालाबों तथा महासमंद जिले के 41 गांवों के 84 तालाबों को निस्तारी के लिए भरा गया है।
इन तालाबों को महानदी परियोजना समूह, पं. लखन लाल मिश्र जलाशय, मयाना जलाशय, कोसार टेडा जलाशय, परालकोट जलाशय, पैरी परियोजना, तांदुला जलाशय, खपरी जलाशय, खरखरा जलाशय, गोंदली जलाशय, मड़ियान जलाशय, पनियाजोब जलाशय, रूसे जलाशय, मटियामोती जलाशय, पिपरिया जलाशय, कोडार जलाशय, केशवा नाला जलाशय, सरोदा जलाशय, छीरपानी जलाशय के अलावा अन्य 13 जलाशयों के पानी से भरा गया है।
dharmpath.com dharmpath