रायपुर, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के अशांत बस्तर क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के शिविर पर हुए नक्सली हमले में एक जवान शहीद हो गया। दो दिनों के भीतर सुरक्षाकर्मियों पर यह दूसरा नक्सली हमला है।
नक्सलियों द्वारा सुकमा जिले में विशेष कार्यबल के सात सुरक्षाकर्मियों को मार डालने के ठीक दो दिन बाद कांकेर जिले में यह हमला सामने आया है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कुछ नक्सलियों ने सोमवार सुबह कांकेर जिले के पाखनजोर इलाके के छोटबतिया वन क्षेत्र स्थित बीएसएफ के शिविर में घुसने की कोशिश की।
राज्य में नक्सल विरोधी अभियान के प्रमुख आर.के.विज ने आईएएनएस को बताया, “जब नक्सलियों ने बीएसएफ के शिविर में घुसने की कोशिश की, तब सतर्क जवानों ने नक्सलियों पर गोलीबारी की।”
उन्होंने बताया कि हमले में जवान आर.पी. सोलंकी शहीद हो गए।
विज ने बताया कि हमले के बाद चलाए गए अभियान में शिविर के नजदीक एक नक्सली का शव भी पाया गया और 20 किलोग्राम भार वाले तीन देसी बम मिले हैं।
पुलिस थाने पर सुरक्षा चाक-चौबंद है और बस्तर में नक्सल प्रभावित इलाके में अर्ध-सैनिक बल तैनात हैं।
उल्लेखनीय है कि सुकमा जिले में शनिवार को विशेष कार्यबल के सात पुलिसकर्मियों को नक्सलियों ने गोलियों से भून दिया था, जबकि 12 अन्य को घायल कर दिया था।
यह हमला जिले में उस वक्त हुआ, जब एसटीएफ कर्मी एक जंगल में तलाशी अभियान पर थे। भारी हथियारों से लैस 100 से अधिक नक्सलियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और उनपर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं।
dharmpath.com dharmpath