छत्तीसगढ़ : साढ़े 12 हजार युवाओं को मिलेगा खेल प्रशिक्षण

रायपुर, 26 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार के खेल और युवा कल्याण विभाग ने 100 प्रतिशत युवा भागीदारी वाली गतिविधियों को चिह्नंकित कर युवा बजट में छत्तीसगढ़ के युवाओं को जोड़ने के लिए कई आकर्षक प्रावधान किए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पहली बार चालू वित्तीय वर्ष 2015-16 में विभिन्न विभागों के लिए कुल छह हजार 151 करोड़ रुपये का युवा बजट जारी किया है, जो देश का पहला युवा बजट है।

खेल और युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि युवा बजट में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण मद में एक करोड़ 75 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि से चालू वर्ष में बारह हजार 500 युवाओं को खेल प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए चार करोड़ 84 लाख रुपये का प्रावधान है। इस वर्ष इस राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में ग्यारह हजार 500 खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का लक्ष्य है।

महिला खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए एक करोड़ 35 लाख रुपये का प्रावधान करते हुए नौ हजार 500 महिला खिलाड़ियों को आगे लाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री युवा भारत दर्शन योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह योजना भी खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित की जा रही है। चालू वर्ष के युवा बजट में इस योजना के तहत पांच हजार युवाओं को देश के प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए युवा बजट में ग्यारह करोड़ 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है और लगभग ढाई हजार खिलाड़ियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। युवा कल्याण गतिविधियों के तहत साहसिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लगभग बारह करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और 18 हजार युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य है।

राज्य खेल पुरस्कारों के लिए युवा बजट में 55 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में खेल अकादमी की स्थापना के लिए युवा बजट में चार करोड़ ग्यारह लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493