जंकर व थेरेसा ब्रेक्सिट वार्ता में तेजी लाने पर सहमत

ब्रसेल्स, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूरोपीय आयोग (ईयू) के अध्यक्ष जीन क्लाउड जंकर और ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से बाहर निकलने संबंधी समझौता वार्ता में तेजी लाने की मांग पर सहमति जताई है।

एफे न्यूज की खबर के मुताबिक, दोनों नेताओं ने सोमवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के मुख्यालय में रात्रिभोज के दौरान ब्रेक्सिट के सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की।

इस वार्ता को अनुच्छेद 50 वार्ता के रूप में जाना जाता है। ब्रिटिश निकास की शर्तो पर यूरोपीय संघ और लंदन के बीच विमर्श सही तरीके से नहीं चल रहा है।

वार्ता में 27 अन्य ईयू देशों का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिकारी माइकल बारनियर ने पिछले सप्ताह इस वार्ता की स्थिति को ‘डेडलॉक’ की संज्ञा दी थी और कहा था कि वह इस प्रक्रिया के दूसरे चरण की शुरुआत करने की सिफारिश नहीं करेंगे, जो यूके के यूरोपीय संघ के साथ भावी रिश्ते पर ध्यान केंद्रित करने वाला माना जाता है।

वार्ता के पहले चरण में तीन मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई थी। पहला, यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के नागरिकों के अधिकार। दूसरा, उत्तरी आयरलैंड के ब्रिटेन प्रांत व यूरोपीय संघ के सदस्य आयरलैंड को अलग करने वाली सीमा की प्रकृति। तीसरा, ब्लॉक के संदर्भ में लंबित वित्तीय देनदारी के निपटान के लिए लंदन को कितना भुगतान करना चाहिए।

प्रधानमंत्री और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष ने अनुच्छेद 50 की वार्ता में प्रगति की समीक्षा की और इस बात पर सहमति व्यक्त की कि आने वाले महीनों में इन प्रयासों को तेज करना चाहिए। जंकर और मे ने संयुक्त बयान में कहा कि उनका रात्रिभोज “एक रचनात्मक और मैत्रीपूर्ण वातावरण में चला।”

यह बैठक गुरुवार से शुरू होने वाले ईयू सम्मेलन से ठीक पहले हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493