नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। बाबू जगजीवन राम की 110वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को यहां राजघाट स्थित समता स्थल पर एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री तथा बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन के अध्यक्ष थावरचंद गहलोत सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर एक सर्व धर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। ग्रंथी, फादर और मौलवी द्वारा सभी धर्मो के लिए प्रार्थना की गई।
बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन की तरफ से आयोजित प्रार्थना सभा में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री विजय सांपला, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सचिव जी. लता कृष्ण राव, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, बाबूजी के परिवार के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में उनके अनुयाइयों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जगजीवन राम ने केंद्र सरकार में कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी का निर्वहन किया था। उनका जन्म पांच अप्रैल, 1908 को हुआ था और छह जुलाई, 1986 को उनका निधन हो गया था।
dharmpath.com dharmpath