जद (यू) के बागी विधायक ने चुनाव चिह्न् पर जताया दावा

पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार भले ही पुराने जनता दल परिवार के जल्द ही विलय की बात कर रहे हों परंतु जद (यू) के बागी विधायक ने जनता दल परिवार में पार्टी के विलय का विरोध करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर जद (यू) के चुनाव चिह्न् और झंडा पर अपना दावा किया है।

जद (यू) के बागी विधायक राजीव रंजन ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि देश की छह राजनीतिक पार्टियां जिसमें जद (यू) भी शामिल है, नई राजनीतिक पार्टी का गठन करने जा रही है।

उन्होंने कहा, “मैं नालंदा जिले के इस्लामपुर क्षेत्र का विधायक हूं। मेरे साथ पार्टी के कई अन्य विधायक भी हैं जो विलय के खिलाफ हैं और हम सब नई पार्टी में नहीं जाना चाहते।”

उन्होंने नियमों का हवाले देते हुए कहा कि संविधान की दसवीं अनुसूची में स्पष्ट उल्लेख है कि पार्टी का कोई भी छोटा समूह या एक विधायक भी अगर चाहे तो उस पार्टी में रह सकता है, जिससे वह जीत कर आया हो। ऐसी स्थिति में वह और अन्य विधायक जद (यू) में ही रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी पहले ही जद (यू) में रहने की बात कह चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493