जनता को ‘भगवान’ बताने वाले शिवराज को चुनाव की चिंता ज्यादा : कांग्रेस

भोपाल, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कांग्रेस ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश के भगवान (जनता) जलसमाधि लेने को तैयार है और मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर लेकर चुनाव प्रचार में लगे हैं।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश की जनता को भगवान बताते हुए खुद को उनका पुजारी बताते हैं। मुख्यमंत्री के इन्ही बयानों को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सरदार सरोवर बांध प्रभावितों की स्थिति पर आरोप लगाया है कि इन प्रभावितों के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नर्मदा घाटी राज्यमंत्री लालसिंह आर्य पर संवेदनहीन हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि उधर हजारों परिवार (मुख्यमंत्री के भगवान) नर्मदा में जल समाधि लेने पर आमादा हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को चुनाव की चिंता है। वे हेलिकॉप्टर लेकर चुनाव प्रचार में लगे हैं।

नेता प्रतिपक्ष सिंह ने सवाल किया, “पिछले कई माह से नर्मदा विस्थापित आंदोलनरत हैं, उनसे मुख्यमंत्री और विभाग के मंत्री ने कोई संवाद नहीं किया। हर जगह पहुंचने वाले मुख्यमंत्री किसान आंदोलन के दौरान मंदसौर में गोलीचालन में मृत कृषकों के परिजन को मुलाकात के लिए भोपाल बुलाया और नर्मदा विस्थापितों को भी बस में भरकर बुलाकर भोपाल में चर्चा कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री समझ ली।”

नेता प्रतिपक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री अब समस्याओं से मुंह फेरने लगे हैं। उनका राजकाज से मोह भंग हो रहा है और वे लोगों के आक्रोश का सामना नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “बड़वानी और आसपास के इलाकों में कई डूब प्रभावितों के घरों में चूल्हे न जलना बताता है कि प्रदेश में अब उनके दुख-दर्द सुनने वाली कोई सरकार नहीं है। 40 हजार परिवार संकट में हैं और सरकार अपनी राहत का राग गा रही है।”

अजय ने कहा, “शिवराज सरकार किसान आंदोलन हो या नर्मदा आंदोलन इसके पीछे कांग्रेस के होने का आरोप लगाती है। भाजपा सही कहती है, क्योंकि जब भी इस प्रदेश का कोई भी पीड़ित वर्ग आंदोलित होगा, तो कांग्रेस उसके साथ है और उसके पीछे संघर्ष के लिए खड़ी रहेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493