जन के जीवन को खुशहाल बनाने में जुटें : भाजपा

भोपाल, 26 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के कार्यालय में गणतंत्र दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कार्यकर्ताओं से जन-जन के जीवन को श्रेष्ठतम, समृद्ध और खुशहाल बनाने के कार्य में पूर्ण मनोयोग के साथ जुटने का आह्वान किया।

गणतंत्र दिवस पर भाजपा के कार्यालय में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा, “हमें जन-जन के जीवन को श्रेष्ठतम, समृद्ध और खुशहाल बनाने के कार्य में पूर्ण मनोयोग के साथ जुटना है। गण की सेवा ही हमारी प्रतिबद्घता और सरोकार है।”

प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने कहा कि देश विमुद्रीकरण के बाद पारदर्शिता के साथ आर्थिक प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा है। विमुद्रीकरण के बहुआयामी दीर्घगामी लाभ मिलेंगे। विविधता वाले इस देश और प्रदेश में हमें सहिष्णुता समरसता के साथ आगे बढ़ना है।

बेकसूरों को नोटबंदी का दर्द देने वाली पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और सांसद आलोक संजर ने कहा, “हम सबको अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथ मजबूत करना है। उन्होंने अनुन्नत समुदाय की समुन्नति के लिए जनोन्मुखी कार्यक्रम दिए हैं, उनका लाभ जन-जन को सुनिश्चित करना हम सभी का कर्तव्य है।”

इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। सभी ने समवेत स्वर में राष्ट्रगान गाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493