जबलपुर के कारोबारियों ने गरीब कल्याण योजना में 70 लाख जमा कराए

जबलपुर, 3 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा नोटबंदी के बाद अघोषित आय को घोषित में बदलने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में मध्यप्रदेश के जबलपुर के तीन कंपनियों के मालिकों ने 70 लाख रुपये जमा कराकर पाप से मुक्ति पा ली।

आयकर विभाग ने गुरुवार को स्थानीय श्रीराम मिनरल्स, श्रीराम मार्बल व श्रीराम कंस्ट्रक्शन के शारदा चौक स्थित कार्यालय में दबिश दी थी। आयकर विभाग की कार्यवाही शुक्रवार सुबह तक जारी रही। इन कंपनियों के संचालक श्रीराम खत्री व उनके परिवार के सदस्य हैं। आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद इन कंपनियों के संचालकों ने 70 लाख रुपये प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में जमा कराए हैं।

आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, आयकर की टीम ने गत दिवस तीनों फर्मो के कार्यालय में दबिश देकर दस्तावेज बरामद थे। इस दौरान आयकर टीम को घर व कार्यालय में बड़ी मात्रा में नगदी भी मिली थी। जब्त दस्तावेजों में बड़ी रकम के लेनदेन का लेखा-जोखा है। इसके अलावा नोटबंदी के दौरान बड़ी राशि जमा करने के दस्तावेज भी आयकर विभाग को मिले हैं।

आयकर विभाग की इन्वेस्टीगेशन विंग के ज्वाइंट कमिश्नर श्रीराम तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद तीनों फर्मो ने 70 लाख रुपये प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में जमा करा दिए हैं। जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493