जब राजकुमार ने किरदार के लिए उतारे जूते

मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। आने वाली फिल्म ‘हमारी अधूरी कहानी’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे अभिनेता राजकुमार राव ने फिल्म के एक दृश्य में जान डालने के लिए जूते उतारकर नंगे पांव दौड़ लगाने का फैसला किया।

राजकुमार के इस कदम ने फिल्म के निर्देशक को उनका कायल कर दिया।

राजकुमार ने फिल्म में एक बेतरतीब और मैले-कुचैले से व्यक्ति की भूमिका निभाई है, जो अपनी पत्नी के प्रति आसक्त है और उसे अपनी संपत्ति समझता है।

फिल्म के एक दृश्य में राजकुमार को होशोहवास खोकर जंगल में दौड़ लगानी थी, जब उन्हें यह दृश्य समझाया गया, तो वह निर्देशक मोहित सूरी के पास पहुंचे और कहा कि वह नंगे पांव दौड़ लगाना चाहते हैं।

सूरी ने हालांकि उन्हें आगाह भी किया, कि इसमें चोट लगने और घायल होने का खतरा है, लेकिन राजकुमार अपनी बात पर अड़े थे। उन्होंने निर्देशक से कहा कि यदि यह किरदार होशोहवास खोकर दौड़ लगा रहा है, तो यह बात उसके दिमाग में नहीं आनी चाहिए कि नंगे पांव दौड़ने से चोट लग सकती है।

एक बयान के अनुसार, राजकुमार ने न सिर्फ वह दृश्य एकदम सटीक तरीके से पूरा किया, बल्कि सीन पूरा करने के बाद खुद निर्देशक से पूछा कि क्या उन्हें एक और कोशिश करनी चाहिए?

सूरी ने एक बयान में कहा, “मेरे पास एक अभिनेता के रूप में राजकुमार का बखान करने के लिए शब्द नहीं हैं। वह हर किरदार की आत्मा को छू लेते हैं और किरदार में खुद समा जाते हैं। वह बिल्कुल अविश्वसनीय हैं और काम के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है। हर किसी को फिल्म में उनका काम जरूर देखना चाहिए कि उन्होंने क्या किया है।”

फिल्म में विद्या बालन और इमरान हाशमी ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। कहा जा रहा है कि यह फिल्म महेश भट्ट के जीवन पर आधारित है।

विशेष फिल्म्स के निर्माण में बनी फॉक्स स्टार स्टूडियो की प्रस्तुति ‘हमारी अधूरी कहानी’ 12 जून को प्रदर्शित हो रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493