जमशेदपुर में नाबालिग से दूसरी बार दुष्कर्म (लीड-1)

रांची, 1 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में दुष्कर्म के बाद इलाज के लिए भर्ती 15 वर्षीय एक नाबालिग से अस्पताल के एक सुरक्षा गार्ड ने रविवार रात दूसरी बार दुष्कर्म किया।

पुलिस ने सोमवार को कहा कि महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती नाबालिग लड़की से अस्पताल के सुरक्षा गार्ड शंभू महतो ने रविवार रात कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद वह सुरक्षा गार्ड भागने में कामयाब रहा। अस्पताल के ही एक महिलाकर्मी पर उस सुरक्षा गार्ड को भगाने का आरोप है।

पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। अस्पताल में तैनात अन्य सुरक्षा गार्डो से पुलिस ने पूछताछ की है।

उल्लेखनीय है कि नाबालिग पीड़िता से 26 जनवरी को 14 वर्षीय एक लड़के ने दुष्कर्म किया था, जिसके बाद लड़के को गिरफ्तार कर सुधारगृह भेज दिया गया था और लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लेकिन अस्पताल में एक बार फिर उससे दुष्कर्म किया गया। सुरक्षा गार्ड नाबालिग को स्नानघर में ले गया, जहां उसके साथ उसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

जिस वक्त लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ, उसकी मां दवा लेने बाहर गई थी।

झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध में तेजी से वृद्धि हुई है। नवंबर 2015 तक झारखंड में दुष्कर्म के मामलों की संख्या 1,124 थी, जो साल 2014 की इसी अवधि के दौरान 967 थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493