बेगूसराय, 2 मार्च (आईएएनएस)। देशद्रोह के मामले में जेल में बंद जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को बुधवार की शाम दिल्ली उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद कन्हैया के बिहार स्थित पैतृक गांव बिहट में लोग खुशी से झूम उठे। लोगों ने इस खुशी में एक साथ होली व दीपावली मनाई।
कन्हैया को जमानत मिलने के लिए तिथि तय होने को लेकर सुबह से ही बिहट सहित पूरे बेगूसराय जिले के लोग टीवी से चिपके हुए थे। शाम में जैसे ही कन्हैया को जमानत मिलने की खबर लोगों को मिली कि लोग खुशी से झूम उठे।
अदालत से जमानत मिलने के बाद कन्हैया के अस्वस्थ पिता जयशंकर सिंह ने कहा कि मेरा बेटा देशभक्त है।
इधर, कन्हैया के भाई प्रिंस कुमार ने अपने भाई को जमानत पर खुशी का इजहार करते हुए कहा कि मेरे भाई के खिलाफ साजिश की गयी थी, जो आज सामने आ गया है
कन्हैया के माता-पिता पूर्व में ही कह चुके थे कि उनका बेटा निर्दोष है। मेरे बेटे के साथ पूरा देश है, इसलिए उसे न्याय अवश्य मिलेगी।
जमानत मिलने के साथ ही बड़ी संख्या में लोग कन्हैया के घर पर पहुंचे और उसके पिता को बधाई दी। जमानत के बाद कन्हैया के समर्थकों ने कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है।
dharmpath.com dharmpath