जम्मू एवं कश्मीर के मौसम में शनिवार से सुधार के आसार

श्रीनगर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मौसम में शनिवार से सुधार आने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य में बारिश का सिलसिला शुक्रवार को थम जाएगा।

यहां शुक्रवार को मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “जम्मू एवं कश्मीर के मौसम में कल (शनिवार) से सुधार आना शुरू होगा। गुरुवार को मैदानी इलाकों में हल्की से लेकर भारी बारिश और पहाड़ी इलाकों में हिमपात की संभावना जताई गई थी। बारिश व हिमपात का यह क्रम शुक्रवार शाम तक थम जाएगा।”

श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में 5.6 डिग्री, गुलमर्ग में शून्य से 2.2 डिग्री नीचे, लद्दाख क्षेत्र के लेह कस्बे में शून्य से 3.8 डिग्री नीचे और करगिल कस्बे में शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में अब तक सबसे कम न्यूनतम तापमान सात नवंबर को 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

जम्मू क्षेत्र के अलग-अलग शहरों और कस्बों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री, बनिहाल में 8.4 डिग्री, बटोत में 8.5 डिग्री, कटरा में 15.5 डिग्री और भद्रवाह में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

400 किलोमीटर से ज्यादा लंबे श्रीनगर-लेह राजमार्ग का जोजिला दर्रा मार्ग गुरुवार को हुई भारी बर्फबारी और फिसलन की वजह से मजबूरन दोबारा बंद करना पड़ गया।

कश्मीर घाटी को जम्मू क्षेत्र के राजौरी जिले से जोड़ने वाले मुगल रोड के पीर की गली इलाके में हुई ताजा बर्फबारी की वजह से इस संपर्क मार्ग पर भी यातायात बाधित है।

कश्मीर घाटी में जरूरी सामान की आपूर्ति करने वाला श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग हालांकि शुक्रवार को यातायात के लिए खुला हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493