श्रीनगर, 1 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष कविन्दर गुप्ता ने बुधवार को सदन में बजट के पारित होने तक बजटीय प्रस्ताव लागू करने के राज्य के वित्त मंत्री के आदेश पर रोक लगा दी।
प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने आरोप लगाया कि जिस दिन वित्त मंत्री हसीब द्राबु ने सदन में बजट पेश किया, उसी दिन सभी बजट प्रस्ताव लागू कर दिए।
विपक्षी विधायकों ने कहा कि सदन में बहस के बगैर और पारित होने से पूर्व अगर बजटीय प्रस्ताव लागू कर दिए जाते हैं तो सदन में बजट पर बहस का क्या औचित्य है?
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने भी विपक्षी सदस्यों का समर्थन किया, जबकि भाजपा पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के साथ सरकार में शामिल है।
अंत में गुप्ता ने निर्देश दिया कि सदन में बजट पारित होने तक बजटीय प्रस्तावों को लागू करने के वित्त मंत्री के सभी आदेश निलंबित रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath