जम्मू एवं कश्मीर में बारिश, बर्फबारी से राहत

श्रीनगर, 5 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में रुक-रुक कर हो रही बारिश व बर्फबारी ने मंगलवार को राज्य वासियों को कड़कड़ाती ठंड से राहत दिलाई। पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

स्थानीय मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य में बारिश व बर्फबारी होने के आसार जताए हैं।

श्रीनगर में मंगलवार सुबह बदली छाई हुई थी और न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यहां सोमवार को 9.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।

स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “श्रीनगर में आज (मंगलवार) बर्फबारी के साथ बारिश होने के आसार हैं। हमें बुधवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।”

उन्होंने कहा, “जम्मू क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मंगलवार को गरज के साथ हल्की बारिश पड़ने की संभावना है।”

लद्दाख क्षेत्र के दूरदराज के इलाकों में मंगलवार को बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है।

कश्मीर घाटी के लोकप्रिय पर्यटन स्थल गुलमर्ग में 53.3 सेंटीमीटर हिमपात हुआ, जबकि कुपवाड़ा जिले में 31.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

राज्य में मंगलवार को गुलमर्ग सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया।

लद्दाख क्षेत्र के करगिल कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री और लेह कस्बे में शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि जम्मू क्षेत्र के बनिहाल कस्बे में सबसे ज्यादा 11.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 1.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जम्मू क्षेत्र के कटरा में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री, बनिहाल में 5.3 डिग्री, बटोत में 5.1 डिग्री, उधमपुर में नौ डिग्री, भदरवाह में चार डिग्री और कठुआ में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम अधिकारी ने कहा, “श्रीनगर और जम्मू शहर में आज (मंगलवार) दिन का अधिकतम तापमान क्रमश: चार एवं 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493