जम्मू एवं कश्मीर में बारिश से मिली राहत

जम्मू/श्रीनगर, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में रविवार को बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग ने राज्य में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया था।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “जम्मू क्षेत्र के कटरा, भदरवाह और बनिहाल क्षेत्रों में रात के समय हल्की बारिश हुई थी जबकि कश्मीर घाटी के काजीगुंड में भी बारिश हुई।”

अधिकारी के मुताबिक, “हमें अगले 24 घंटे के दौरान मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।”

बदली छाई रहने से रात के तापमान में सुधार हुआ है।

श्रीनगर में शनिवार को रात का तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि अधिकतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, पहलगाम में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमार्ग में शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया, “कारगिल में सर्वाधिक ठंड रही। यहां रात के समय न्यूनतम तापमान शून्य से 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493