जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में हाथापाई, उप मुख्यमंत्री ने मांगी माफी (राउंडअप)

श्रीनगर, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में गुरुवार को गोमांस पार्टी आयोजित करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो विधायकों ने निर्दलीय विधायक से हाथापाई की, जिसके कारण नाराज होकर पूरा विपक्ष सदन से बर्हिगमन कर गया।

घटना की चारों ओर से निंदा होने के बाद राज्य के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह को माफी मांगनी पड़ी, तब कहीं जाकर सदन की कार्यवाही दोबार शुरू हो सकी।

जम्मू एवं कश्मीर में सत्तारूढ़ भाजपा के दो विधायकों ने गोमांस पार्टी आयोजित करने को लेकर गुरुवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही निर्दलीय विधायक इंजीनियर राशिद के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

विधानसभा अध्यक्ष कविंद्र गुप्ता अभी अपनी सीट पर बैठे भी नहीं थे कि भाजपा विधायक गगन भगत और राजीव शर्मा निर्दलीय विधायक इंजीनियर राशिद पर झपट पड़े और उनसे हाथापाई शुरू कर दी।

विपक्ष के नेता और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज सदन में जो कुछ भी हुआ, वह चौंकाने वाला है।

उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मैं अब भी यह पूरी तरह से समझने में असमर्थ हूं कि आज (गुरुवार) सदन में क्या हुआ? लेकिन हम यह जानना चाहते हैं कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर मुख्यमंत्री का क्या कहना है।”

उमर ने कहा कि इंजीनियर राशिद ने जो कुछ भी किया, उससे भाजपा को उन पर इस तरह का हमला करने का अधिकार नहीं मिल जाता।

उन्होंने कहा, “हम अन्य समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम इस तरह के मामलों को सुलझाने के लिए हिंसा का सहारा लें।”

उन्होंने कहा, “मेरे धर्म में शराब पीना मना है। सूअर का मांस खाने की भी मनाही है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जो भी इनका सेवन करते हैं, मैं उन पर हमला कर दूं।”

हमले से बेतरह खफा विधायक राशिद ने इसे ‘भारतीय राजनीति के लिए शर्मनाक’ बताया और कहा कि भाजपा के सात-आठ विधायक हमले में शामिल थे।

मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने विधायक के ऊपर हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, “सदन संसदीय आचरण के उच्च मूल्यों का पालन करता है, यहां जो कुछ भी हुआ है, वह निंदनीय है और मैं इसकी भर्त्सना करता हूं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं भाजपा विधायकों के दुर्व्यवहार पर उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह से खड़े होकर माफी मांगने का आग्रह करता हूं।”

मुख्यमंत्री के कहने पर उप-मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा कि जो कुछ भी हुआ दुर्भाग्यपूर्ण था और वह इसकी भर्त्सना करते हैं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इंजीनियर राशिद ने एक दिन पहले जो किया वह भी निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण था।

निर्मल सिंह का इशारा राशिद द्वारा एमएलए हॉस्टल में बुधवार को दिए गए गोमांस भोज की ओर था। हॉस्टल में ही रहने वाले भाजपा के कई विधायक तभी से राशिद की तलाश कर रहे थे।

निर्मल सिंह के स्पष्ट तौर पर माफी न मांगने के कारण विपक्षी दल के सदस्य, माकपा विधायक यूसुफ तारिगामी और राशिद सहित अन्य निर्दलीय विधायकों ने विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करते हुए बर्हिगमन कर गए।

इसके बाद निर्मल सिंह को दूसरा वक्तव्य जारी करना पड़ा।

निर्मल सिंह ने दोबारा माफी मांगते हुए कहा, “मैंने पहले भी कहा है कि जो कुछ भी हुआ, दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने पहले ही इसकी निंदा की है। मुझे इसका दुख है।”

निर्मल सिंह के माफी मांगने के बाद राज्य के कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री सैय्यद बशरत बुखारी के समझाने-बुझाने पर विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस व कांग्रेस के विधायक तथा निर्दलीय विधायक सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए तैयार हुए।

इस बीच हैदराबाद में एमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने राशिद पर हमला करने वाले भाजपा विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ओवैसी ने पत्रकारों से कहा, “मेरे विचार से राशिद ने कुछ भी गलत नहीं किया था। सर्वोच्च न्यायालय ने गोमांस पर प्रतिबंध पर रोक लगा दी है। राशिद ने बाहर से पका हुआ गोमांस मंगाया था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493