जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में निर्दलीय विधायक से मारपीट

श्रीनगर, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो विधायकों ने गोमांस पार्टी आयोजित करने को लेकर गुरुवार को विधानसभा में निर्दलीय विधायक इंजीनियर राशिद के साथ बदसलूकी व मारपीट की।

विधानसभा अध्यक्ष कविंद्र गुप्ता के सीट पर बैठने से पहले ही भाजपा विधायक गगन भगत और राजीव शर्मा निर्दलीय विधायक इंजीनियर राशिद पर झपट पड़े और उनसे मारपीट शुरू कर दी।

इंजीनियर राशिद को बचाने के लिए राज्य में विपक्षी पार्टी नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) के विधायकों को बीच में आना पड़ा।

विपक्ष के नेता और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज सदन में जो कुछ भी हुआ, वह चौंकाने वाला है।

उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मैं अब भी यह पूरी तरह से समझने में असमर्थ हूं कि आज (गुरुवार) सदन में क्या हुआ? अध्यक्ष सदन का संरक्षक होता है, लेकिन हम यह जानना चाहते हैं कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर मुख्यमंत्री का क्या कहना है।”

उमर ने कहा कि इंजीनियर राशिद ने जो कुछ भी किया। उससे भाजपा को उन पर इस तरह का हमला करने का अधिकार नहीं मिल जाता।

उन्होंने कहा, “हम अन्य समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम इस तरह के मामलों को सुलझाने के लिए हिंसा का सहारा ले।”

उन्होंने कहा, “मेरे धर्म में शराब पीना मना है। सूअर का मांस खाने की भी मनाही है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जो भी इनका सेवन करते हैं, मैं उन पर हमला कर दूं।”

मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने विधायक के ऊपर हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, “सदन संसदीय आचरण के उच्च मूल्यों का पालन करता है, यहां जो कुछ भी हुआ है, वह निंदनीय है और मैं इसकी भर्त्सना करता हूं।”

वहीं, राज्य के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा कि सदन में जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है और वह इसकी निंदा करते हैं। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इंजीनियर राशिद ने एक दिन पहले जो किया वह भी निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493