नई दिल्ली- चुनाव आयोग ने बुधवार को राज्यसभा की रिक्त सीटों को भरने के लिए उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्यसभा में जम्मू-कश्मीर की चार और पंजाब की एक सीट के लिए आगामी 24 अक्टूबर को मतदान होगा। साथ ही चुनाव आयोग ने ये भी बताया कि इस उपचुनाव का मतदान भी इसी दिन मतगणना पूरी की जाएगी।
जम्मू-कश्मीर की ये चारों सीटें फरवरी 2021 से खाली थीं। उस समय गुलाम नबी आजाद और नजीर अहमद लवाय का कार्यकाल 15 फरवरी 2021 को समाप्त हुआ था, जबकि फयाज अहमद मीर और शमशेर सिंह मन्हास का कार्यकाल 10 फरवरी 2021 को खत्म हुआ था। तब से अब तक इन सीटों पर कोई प्रतिनिधि नहीं था। अब चुनाव आयोग ने इन सीटों को भरने के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरु कर दी है।
जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पंजाब की एक राज्यसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। यह सीट संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वैसे तो राज्यसभा में उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2024 को समाप्त होने वाला था लेकिन अरोड़ा ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा सदस्यता छोड़ दी थी।
dharmpath.com dharmpath