श्रीनगर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में आए भीषण भूकंप में जम्मू एवं कश्मीर के दो लोगों के मारे जाने की खबर है। राज्य में काम कर रहे स्थानीय एवं नेपाली लोगों ने कहा कि वे नेपाल में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को लेकर फिक्रमंद हैं।
राजधानी श्रीनगर में ऐसी खबरें हैं कि शनिवार को आए 7.9 तीव्रता वाले भूकंप में काठमांडू में ढाबा चलाने वाले एक पिता व उसके बेटे की मौत हो गई। वे जम्मू के सतवाड़ी के रहने वाले थे।
जम्मू में 1,500 से अधिक नेपाली नागरिक काम करते हैं। वे सभी भूकंप ग्रस्त नेपाल में अपने परिवारों और घरों को लेकर चिंतित हैं।
मूलरूप से नेपाल के गोरखा जिला निवासी दुर्गा बहादुर यहां एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने रविवार सुबह अपने परिवार से फोन पर बात भी की।
दुर्गा ने कहा, “भूकंप में मेरी भाभी की मौत हो गई। उनका शव अभी भी मलबे में दबा हुआ है। घर पूरी तरह तबाह हो गया। मेरा भाई शेर बहादुर घायल हुआ है।”
नेपाल के अरगा खेसी जिला निवासी गोपाल बहादुर जम्मू में एक निर्माणाधीन रिसोर्ट में काम करते हैं। उन्होंने कहा, “हमारा घर तहस-नहस हो गया, लेकिन मेरे सभी परिजन सुरक्षित हैं।”
उन्होंने कहा, “वे गांव से दूर खुले मैदानों में आसमान तले रह रहे हैं। उन तक अब तक कोई सहायता नहीं पहुंची है।”
श्रीनगर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हम विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं, जो नेपाल में काम करने वाले सभी भारतीयों की कुशलक्षेम के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। “
वहीं, जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने नेपाल में आए जलजले शोक जताया। यह भूकंप अब तक 1,800 से अधिक लोगों की जानें ले चुका है।
dharmpath.com dharmpath