जम्मू-कश्मीर में भूकंप से संपत्ति को भारी नुकसान

श्रीनगर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में सोमवार अपराह्न् आए तेज भूकंप से पूरी कश्मीर घाटी में संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। भूकंप में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

श्रीनगर में तेज भूकंप के बाद अधिकांश बहुमंजिली सार्वजनिक एवं निजी इमारतों और एक फ्लाईओवर में दरारें देखी गईं। वहीं, बड़गाम, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल जिलों में दर्जनभर सरकारी और निजी इमारतों को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचने की खबर है।

पूरी कश्मीर घाटी में जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए, लोग कार्यालयों, संस्थानों और घरों से निकल खुली जगह की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान घाटी में यातायात भी बाधित हो गया।

भूकंप अपराह्न् 2.40 बजे आया। भूकंप को लेकर लोग इतने घबराए हुए थे कि एक घंटे बाद भी दोबारा भूकंप आने के डर से इमारतों में जाने से कतराते रहे।

यहां प्रांतीय प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हम पूरी घाटी से जानमाल और सार्वजनिक व निजी संपत्ति के नुकसान के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।”

जम्मू एवं कश्मीर में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.5 मापी गई है। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का हिंदुकुश पर्वत क्षेत्र बताया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493