जम्मू, 18 जून (आईएएनएस)। जम्मू में मंदिरों को अपवित्र करने की दो घटनाओं को लेकर पैदा हुई अशांति के तीन दिनों बाद हालात सामान्य हो गए हैं। प्रशासन ने इंटरनेट सेवा भी बहाल कर दी है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “जम्मू शहर में सभी इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। असामाजिक तत्वों को अफवाहें फैलाकर भावानाएं भड़काने से रोकने के लिए इन सेवाओं को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया था।”
मंदिरों को अपवित्र करने की दो घटनाओं के बाद कुछ लोगों ने हिंसा भड़काने की कोशिश की थी, जिसके बाद प्रशासन ने तीन दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी थीं।
दुकानें, निजी और सरकारी परिवहन, अन्य उद्यम, सरकारी बैंक और डाक कार्यालयों में शनिवार को कामकाज सामान्य हो गया है।
प्रशासन ने मंदिरों का अपवित्र करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए दो लोगों में से एक डोडा जिले का यासीर है, जो कथित तौर पर शहर के रूप नगर इलाके के एक प्राचीन हिंदू मंदिर को अपवित्र करने की घटना में शामिल था। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रोगी है।
दूसरा युवक राज्य सशस्त्र पुलिस से बर्खास्त किया गया कॉन्स्टेबल गुरबचन सिंह है। उसे शहर के नानक नगर इलाके में एक हिंदू मंदिर को कथित तौर पर अपवित्र करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धर्मस्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है।
dharmpath.com dharmpath