जयपुर में किताबों पर आधारित फिल्मों का होगा प्रदर्शन

नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। जयपुर में जी सिने-लिट फेस्टीवल का पहला संस्करण 21 जनवरी से शुरू हो रहा है।

जयपुर साहित्य महोत्सव 2015 के अंतर्गत किताबों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन जी सिने-लिट फेस्टीवल के अंतर्गत किया जाएगा।

फिल्म फेस्टीवल गुलाबी शहर के नाम से मशहूर जयपुर के पिंक स्क्वोएर मॉल स्थित आईनॉक्स में आयोजित किया गया है।

एक बयान के अनुसार, पांच दिवसीय जी सिने-लिट फेस्टीवल में हर रोज चार फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान ‘2 स्टेट्स’, ‘3 इडियट्स’ और ‘द फॉल्ट इन आवर स्टार्स’ जैसी फिल्में दिखाई जाएंगी।

कार्पोरेट कंपनी जी के प्रमुख रोलैंड लैंडर्स ने कहा, “हमें बेहद खुशी है कि हम जी जयपुर लिटरेचर फेस्टीवल के दर्शकों के लिए फिल्म फेस्टीवल लेकर आए हैं, जहां हमें विश्व स्तर की उन फिल्मों का संग्रह देखने को मिलेगा, जो श्रेष्ठ किताबों से प्रेरित हैं।”

लैंडर्स ने बताया कि फेस्टीवल का आयोजन अगले साल दूसरे शहरों में भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “हर संस्करण के साथ इस फेस्टीवल को और भी बड़ा और व्यापक और बेहतर बनाने का विचार है। अगले साल से दूसरे शहरों में भी इसका आयोजन किया जाएगा। इस पहल से न सिर्फ लेखकों को नए और अनोखे विषयों पर किताब लिखने की प्रेरणा मिलेगी, जिन पर फिल्में बनेंगी और बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचेंगी बल्कि इससे फिल्म निर्माण कंपनियों को भी फिल्म बनाने के लिए बढ़िया कहानी उपल्बध होगी।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493